Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने की रजिस्टर्ड मैरिज, शादी की पहली तस्वीर आई सामने

बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और गौरी स्प्रैट ने अपने रिश्ते को नया नाम देते हुए स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज कर ली है। शादी के कुछ ही घंटों बाद नवविवाहित जोड़े की पहली तस्वीर भी सामने आ गई है। आमिर खान की पीआर टीम स्पाइस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर शादी की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में 61 वर्षीय आमिर खान और 47 वर्षीय गौरी स्प्रैट रविवार, 5 जुलाई, को शादी के रजिस्ट्रेशन से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी करते और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं।

इस निजी समारोह में दोनों के करीबी रिश्तेदार और दोस्त शामिल हुए। आमिर खान के बच्चे जुनैद खान, आयरा खान और आजाद राव खान भी इस मौके पर मौजूद रहे। वहीं गौरी स्प्रैट के बेटे ने भी समारोह में हिस्सा लिया। विदेश से आए कुछ परिजन भी इस खास अवसर पर शामिल हुए। शादी से पहले आमिर के पाली हिल स्थित घर पर तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। घर को रंग-बिरंगी लाइटों और सजावट से खूबसूरती से सजाया गया था।

समारोह में फिल्म निर्देशक आशुतोष गोवारिकर, अभिनेत्री एली अवराम, अभिनेता वीर दास, पूर्व क्रिकेटर इरफान पठान और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे सहित कई खास मेहमान शामिल हुए। यह आमिर खान की तीसरी शादी है। उन्होंने पहली शादी रीना दत्ता से 1986 में की थी, जिनसे उनके दो बच्चे जुनैद और आयरा हैं।

दोनों का 2002 में तलाक हो गया था। इसके बाद आमिर ने 2005 में फिल्म निर्माता किरण राव से शादी की। 2021 में दोनों अलग हो गए, लेकिन अपने बेटे आजाद राव खान की परवरिश साथ मिलकर कर रहे हैं। आमिर खान ने पिछले साल मार्च में अपने 60वें जन्मदिन के मौके पर गौरी स्प्रैट के साथ अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया था। अब दोनों ने शादी कर अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दे दिया है।