Breaking News

क्रिकेटर तिलक वर्मा ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की     |   चेन्नई: थर्मल पावर स्टेशन में बड़ा हादसा, 9 ने गंवाई जान, कई जख्मी     |   चेन्नई थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 9 लोगों की मौत     |   यूक्रेन युद्ध खत्म न होने की वजह से पुतिन से बहुत निराश हूं- डोनाल्ड ट्रंप का बयान     |   दिल्ली: सीआर पार्क के काली मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, दुर्गा पूजा में हुए शामिल     |  

दिल्ली NCR में 3 दिन लू चलने का येलो अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक हीटवेव (लू) को लेकर चेतावनी जारी की है। खासतौर पर 7 से 9 अप्रैल तक दिल्ली में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया है और अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। दिल्ली में इस समय तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 अप्रैल को पारा 42 डिग्री तक जा सकता है, जिससे राजधानी में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं। दिल्ली में न्यूनतम तापमान अभी 17 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के करीब है, लेकिन अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री ज्यादा है। बीते 24 घंटों में पश्चिमी-उत्तर-पश्चिमी दिशा से 18 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। आसमान साफ बना हुआ है, जिससे धूप तेज महसूस हो रही है।

मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि 8 से 10 अप्रैल के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड) में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें हो सकती हैं। इससे कुछ हद तक गर्मी में राहत मिल सकती है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों में इसका असर सीमित होगा। राजस्थान में आने वाले 4 से 5 दिनों तक भीषण लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां के लिए भी चेतावनी जारी की है। गुजरात और सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र में 6 से 10 अप्रैल के बीच हीटवेव चलने की उम्मीद है। मध्य प्रदेश में 8 से 10 अप्रैल के बीच कुछ इलाकों में लू चलने की चेतावनी दी गई है। वहीं, महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिसके बाद अगले 3 दिनों में थोड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर प्रदेश में अप्रैल से जून तक गर्मी का कहर ज्यादा रहेगा। मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इस बार यूपी में दिन का तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहेगा। खासतौर पर बुंदेलखंड क्षेत्र, जिसमें झांसी और चित्रकूटधाम डिवीजन के सात जिले आते हैं, सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। लखनऊ में मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य से अधिक रहेगा, जिससे गर्मी और ज्यादा झेलनी पड़ेगी। यह इंसानों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी खतरनाक साबित हो सकता है।