Breaking News

ईरान से क्रूड ऑयल खरीद के लिए जापान के ऑयल खरीदरों ने बातचीत की     |   'भक्ति का दिखावा, लूट का पेशा... यही RSS का असली चेहरा', पवन खेड़ा का X पोस्ट     |   मोनाको ब्लास्ट केस: इंटरपोल ने संदिग्ध महिला की पहचान की, यूक्रेनी टाइकून था टारगेट     |   पीएम मोदी 6 से 11 जुलाई तक इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूज़ीलैंड का दौरा करेंगे     |   चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कराई थी भव्य राम कथा, ₹50 लाख खर्च का दावा     |  

क्या है सिटीजनशिप एक्ट की धारा सिक्स-ए

सुप्रीम कोर्ट ने चार-एक के बहुमत से फैसला सुनाते हुए नागरिकता अधिनियम की धारा सिक्स-ए की संवैधानिक वैधता को बरकरार रखा है। ये धारा एक जनवरी, 1966 और 25 मार्च, 1971 के बीच असम में आए प्रवासियों को भारतीय नागरिकता देने से जुड़ी है।

चीफ जस्टिस डी.वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पांच जजों की संविधान पीठ ने कहा कि असम समझौता अवैध प्रवास के मुद्दे का राजनैतिक समाधान पेश करता है। धारा सिक्स-ए असम समझौते के तहत आने वाले व्यक्तियों की नागरिकता के संबंध में एक विशेष प्रावधान है।

इसे 1985 में 1955 के नागरिकता अधिनियम में जोड़ा गया था। इस धारा में कहा गया है कि बांग्लादेश और दूसरी जगहों से आए प्रवासी जो एक जनवरी, 1966 और 25 मार्च, 1971 के बीच असम में आए और तब से असम में रह रहे हैं, उन्हें भारतीय नागरिकता मिल सकती है। इस प्रावधान में असम में बांग्लादेशी प्रवासियों को नागरिकता देने की आखिरी तारीख 25 मार्च 1971 तय की गई है।

1985 के असम समझौते पर केंद्र सरकार, ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन और ऑल असम गण संग्राम परिषद ने हस्ताक्षर किए थे। इस समझौते से असम में प्रवासियों के दाखिल होने के खिलाफ एएएसयू की तरफ से छह साल से चला आ रहा आंदोलन खत्म हो गया। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले का असम के एनआरसी यानी नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजंस पर अहम असर पड़ने की उम्मीद है।