Breaking News

हिमाचल: चंबा में टैक्सी खाई में गिरी, 8 टूरिस्ट्स की मौत     |   कोलकाता: ममता बनर्जी TMC नेताओं पर हुए हमले के विरोध में 2 जून को प्रदर्शन करेंगी     |   पश्चिम बंगाल: शुभेंदु कैबिनेट में कल 35 मंत्री शपथ लेंगे     |   पीएम आवास पर BJP केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी, राज्यसभा चुनाव के उम्मीदवारों पर चर्चा     |   लखनऊ मेट्रो में लागू हुई ‘वन नेशन, वन कार्ड’ व्यवस्था, 15 जून से जारी होंगे नए NCMC     |  

साकेत मेट्रो स्टेशन के पास ढही तीन मंजिला इमारत, एक की मौत, 8 लोगों को किया गया रेस्क्यू

दक्षिण दिल्ली में साकेत मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत के ढह जाने से 26 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। सैदुलजाब इलाके के वेस्टर्न मार्ग स्थित यह इमारत शनिवार शाम को ढह गई थी। इस भवन में एक कोचिंग संस्थान, कैफे और कई कार्यालय संचालित हो रहे थे।

हादसे के समय इसकी ऊपरी मंजिल पर निर्माण कार्य जारी था। अधिकारियों ने बताया कि इमारत पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गई और उसका मलबा पास में स्थित टिन शेड वाली कैंटीन पर जा गिरा, जहां मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र अक्सर आते थे। मृतक की पहचान रवि (26) के रूप में हुई है। घायलों की पहचान गुरुग्राम निवासी तरुण कुमार (26), बिहार के मोतिहारी निवासी साइका खान (27), सैदुलजाब निवासी नीलम यादव (25), साकेत निवासी आदित्य शर्मा (24), नोएडा निवासी क्षितिज प्रताप (25), साकेत निवासी अनुज (25), सैदुलजाब निवासी आस्था (25) और साकेत निवासी विशाल (24) के रूप में हुई है।

डीएफएस ने रविवार सुबह बताया कि सात लोगों को दिल्ली अग्निशमन सेवा के कर्मियों ने राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीएआरएफ), दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) तथा अन्य एजेंसियों की सहायता से मलबे से बाहर निकाला, जबकि दो लोगों को स्थानीय निवासियों ने मलबे से बाहर निकाला। सभी आठ घायलों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। एनडीआरएफ, डीएफएस, डीडीएमए, दिल्ली पुलिस और स्थानीय स्वयंसेवकों की भागीदारी वाला बचाव अभियान पूरी रात जारी रहा। मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए बचाव दलों ने भारी मशीन, हाइड्रोलिक कटर, पीड़ितों का पता लगाने वाले कैमरों और खोजी कुत्तों का इस्तेमाल किया।