Breaking News

दक्षिण मुंबई में पुरानी इमारत की बालकनी गिरी, एक व्यक्ति की मौत     |   'पाकिस्तान से बात हो...', PM मोदी-शहबाज को चिट्ठी लिखने वालों में मणिशंकर अय्यर और हुमायूं कबीर     |   चढ़ावा चोरी केस: लवकुश-अनुकल्प मिश्रा के घर समेत कई जगहों पर अयोध्या पुलिस की रेड     |   'सब लोग एक होकर पार्टी को मजबूत करो', लालू यादव की बड़ी अपील     |   कतर के पीएम से मिले कुशनर और विटकॉफ, अमेरिका-ईरान डील पर बड़ी चर्चा     |  

पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा

जम्मू कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने पर्यटक स्थलों और सीमा चौकियों पर अतिरिक्त सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में यातायात की आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया है।

कश्मीर के पहलगाम शहर के पास ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर पर्यटन स्थल पर मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में 27 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में ज्यादातर पर्यटक थे। ये 2019 में पुलवामा में हमले के बाद घाटी में हुआ सबसे बड़ा हमला है। एक उच्च पदस्थ अधिकारी ने बताया कि 27 मृतकों में दो विदेशी (यूएई और नेपाल से) और दो स्थानीय निवासी शामिल हैं।

ये हमला ऐसे समय हुआ है जब अमेरिकी उप-राष्ट्रपति जेडी वेंस भारत की यात्रा पर हैं और पर्यटन और ‘ट्रैकिंग’ का सीजन जोर पकड़ रहा है। हमला करीब दोपहर तीन बजे हुआ। पहलगाम शहर से लगभग छह किलोमीटर दूर बैसरन चीड़ के पेड़ों के घने जंगलों और पर्वतों से घिरा एक विशाल घास का मैदान है, जो देश-दुनिया के पर्यटकों के बीच पसंदीदा जगह है। अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हथियारबंद आतंकवादी ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ के नाम से मशहूर इस पर्यटन स्थल पर पहुंचे और भोजनालयों के आसपास घूम रहे, खच्चर की सवारी कर रहे, पिकनिक मना रहे पर्यटकों पर गोलीबारी शुरू कर दी। कश्मीर घाटी में हुए इस हमले में कम से कम 20 लोग घायल हो गए।