Breaking News

देहरादून: कार के सामान की दुकान में लगी आग     |   मई में भारत की इंडस्ट्रियल ग्रोथ बढ़कर 5.1 प्रतिशत हुई, अप्रैल में 4.9 फीसदी थी     |   2021 बंगाल हिंसा-हत्या केस: CBI ने आरोपी खालिद उज जमान को अरेस्ट किया     |   राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 30 जून से 1 जुलाई तक आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगी     |   राजा रघुवंशी मर्डर केस में मेघायल हाई कोर्ट ने सोनम की जमानत बरकरार रखी     |  

पीएम मोदी इसी महीने करेंगे जापान और चीन का दौरा, शेड्यूल जारी

नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय (एमईए) ने शुक्रवार को घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 अगस्त से जापान और चीन की चार दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। अपनी यात्रा के पहले चरण में, मोदी दो दिवसीय जापान यात्रा पर रहेंगे। जापान से, वे मुख्य रूप से शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए चीन जाएंगे।

प्रधानमंत्री की इन दोनों एशियाई देशों की यात्रा की घोषणा चीनी विदेश मंत्री वांग यी की भारत यात्रा के कुछ ही दिनों बाद हुई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि मोदी 15वें भारत-जापान सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए 29 और 30 अगस्त को जापान में रहेंगे। प्रधानमंत्री के रूप में ये मोदी की आठवीं जापान यात्रा होगी।

मंत्रालय ने कहा कि मोदी और उनके जापानी समकक्ष शिगेरु इशिबा, भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी की समीक्षा करेंगे। दोनों प्रधानमंत्री रक्षा और सुरक्षा, व्यापार और अर्थव्यवस्था, प्रौद्योगिकी और नवाचार, और लोगों के बीच आदान-प्रदान के क्षेत्रों में सहयोग पर विचार-विमर्श करेंगे। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक महत्व के मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "ये यात्रा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विशेष मैत्रीपूर्ण संबंधों की पुष्टि करेगी।" अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, मोदी, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के निमंत्रण पर, 31 अगस्त से 1 सितंबर तक पड़ोसी देश की यात्रा करेंगे और 31 अगस्त और 1 सितंबर को चीनी शहर तियानजिन में आयोजित होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

विदेश मंत्रालय ने कहा, "शिखर सम्मेलन से इतर, प्रधानमंत्री की कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करने की उम्मीद है।" भारत 2017 से एससीओ का सदस्य है। 2022-23 तक भारत एससीओ के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता करेगा।