दिल्ली-एनसीआर में सुबह-सुबह हो रही झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया है। नॉर्थ एवेन्यू, हैली मार्ग समेत कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है, जिससे उमस में कुछ कमी आई है। हालांकि बारिश ने ऑफिस जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बारिश के कारण कुछ चौराहों पर जाम की स्थिति भी बनी है।
दिल्ली में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और सुबह से ही झमाझम तेज बारिश हो रही है। हालांकि मौसम विभाग ने पहले ही सोमवार दोपहर और शाम को तेज हवाओं और आंधी के साथ हल्की बारिश का अनुमान लगाया था। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 39 और 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार दोपहर और शाम के समय 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ हल्की से बहुत हल्की बारिश और बिजली चमकने की संभावना है। यही वजह है कि 15 जून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। 16 जून को मौसम में कुछ राहत के संकेत जरूर हैं, लेकिन पूरी तरह नहीं। इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा और कहीं-कहीं गरज-चमक होने की संभावना है। हालांकि इस दिन कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। इसके बाद 17 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री, 18 जून को 41 डिग्री और 29 डिग्री, 19 जून को 42 डिग्री और 29 डिग्री, जबकि 20 जून को अधिकतम तापमान बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 20 जून का न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इन सभी दिनों में मौसम विभाग ने आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई है और फिलहाल कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में बड़ी गिरावट देखने को नहीं मिलेगी। बल्कि बढ़ती नमी के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी अधिक परेशान कर सकती है। ऐसे में दिन के समय बाहर निकलने वाले लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
वहीं रविवार को दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्रों पर अधिकतम तापमान 38.4 से 39.1 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। रिज का तापमान सबसे ज्यादा 39.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.2 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस से 26.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, लोदी रोड पर न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रिज सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री कम है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 61 प्रतिशत दर्ज की गई।
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्युआई) 151 दर्ज किया गया, जो 'माध्यम' श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्युआई को 'अच्छा', 51 से 100 को 'संतोषजनक', 101 से 200 को 'मध्यम' , 201 से 300 को 'खराब', 301 से 400 को 'बहुत खराब' और 401 से 500 को 'गंभीर' माना जाता है।