Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी की CBI जांच की मांग, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने खारिज की याचिका     |   ईरान के सम्मान, प्रगति और गौरव के रास्ते पर आगे बढ़ते रहेंगे: मसूद पेजेश्कियान     |   चीन ने बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया, ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड ने जताया विरोध     |   चंपत राय पर थोड़ी देर में फैसला, मीटिंग के लिए पहुंचने लगे राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य     |   पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की तीन रिक्त सीटों पर 24 जुलाई को उपचुनाव     |  

हेमा मालिनी पर बयानबाजी कर फंसे सुरजेवाला, चुनाव आयोग ने भेजा नोटिस

Delhi: चुनाव आयोग ने मंगलवार को कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला को बीजेपी सांसद हेमा मालिनी के खिलाफ उनकी कथित अमर्यादित टिप्पणी के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया। 

निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से भी जवाब मांगा है कि नेताओं के सार्वजनिक संवाद के दौरान महिलाओं के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के बारे में दिए गए परामर्श का कड़ाई से अनुपालन पक्का करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। दोनों नेताओं को निर्वाचन आयोग को जवाब देने को कहा गया है। 

सुरजेवाला से 11 अप्रैल की शाम तक जवाब देने को कहा गया है, जबकि खरगे को अगले दिन शाम तक का वक्त दिया गया है। बीजेपी की आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने पिछले महीने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा किया और कांग्रेस नेता सुरजेवाला पर मथुरा सीट से पार्टी की उम्मीदवार हेमा मालिनी के खिलाफ ‘अपमानजनक और महिला विरोधी’ टिप्पणी करने का आरोप लगाया। 

बाद में बीजेपी ने चुनाव आयोग से सुरजेवाला के खिलाफ शिकायत की थी। हालांकि, सुरजेवाला ने दावा किया था कि बीजेपी के आईटी प्रकोष्ठ ने झूठ फैलाने के लिए अभिनेत्री हेमा मालिनी से संबंधित टिप्पणी वाले उनके वीडियो में काट-छांट की। उन्होंने ये भी कहा था कि वो लोकसभा सदस्य हेमा मालिनी का सम्मान करते हैं।