Breaking News

क्रिकेटर तिलक वर्मा ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी से मुलाकात की     |   चेन्नई: थर्मल पावर स्टेशन में बड़ा हादसा, 9 ने गंवाई जान, कई जख्मी     |   चेन्नई थर्मल पावर प्लांट में बड़ा हादसा, 9 लोगों की मौत     |   यूक्रेन युद्ध खत्म न होने की वजह से पुतिन से बहुत निराश हूं- डोनाल्ड ट्रंप का बयान     |   दिल्ली: सीआर पार्क के काली मंदिर पहुंचे पीएम मोदी, दुर्गा पूजा में हुए शामिल     |  

दिल्ली-एनसीआर में घना कोहरा और ठिठुरन, हवा की गुणवत्ता बेहद खराब

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सुबह से ही कोहरे से ढंकी हुई है। कहीं कम तो कहीं ज्यादा कोहरा है। कोहरे की वजह से दृश्यता कम हो गई है। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह आठ बजे दृश्यता 50 मीटर थी। विभाग ने बताया कि कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता शून्य थी। पालम मौसम केंद्र ने सुबह आठ बजे शून्य मीटर दृश्यता बताई।

मौसम विभाग ने दिन में भी घने कोहरे का अनुमान लगाया है। अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिल्ली में शुक्रवार को लगातार पांचवें दिन 'ठंडा दिन' दर्ज किया गया है। अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री कम और दृश्यता 50 मीटर से भी कम है।

'ठंडा दिन' तब होता है जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम होता है और उच्चतम या न्यूनतम तापमान एक खास अवधि में सामान्य माने जाने वाले तापमान से कम से कम साढ़े चार डिग्री सेल्सियस कम होता है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की वायु गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के सुबह आठ बजे के आंकड़ों के मुताबिक कई स्टेशनों पर एक्यूआई 'बहुत खराब' दर्ज किया गया। दिल्ली के 38 में से दो निगरानी स्टेशनों में एक्यूआई 'गंभीर' श्रेणी में दर्ज किया।

गुरुवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 318 दर्ज किया गया था, जो "बहुत खराब" श्रेणी में आता है। शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 और 400 के बीच 'बहुत खराब' और 401 और 500 के बीच 'गंभीर' माना जाता है।