Breaking News

केरलम इलेक्शन: चुनाव प्रचार का कल आखिरी दिन, प्रियंका गांधी वायनाड में करेंगी रैली     |   'तुरंत जमानत नहीं', नेपाल सुप्रीम कोर्ट सख्त, ओली और रमेश लेखक को राहत से इनकार     |   PAN कार्ड केस: आजम और उनके बेटे अब्दुल्ला खान की अपील पर फैसला 20 अप्रैल को संभव     |   डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध को लेकर पाकिस्तान का सीजफायर प्रस्ताव नामंजूर किया     |   IPL 2026: केकेआर ने टॉस जीतकर चुनी बैटिंग, पंजाब किंग्स से है मुकाबला     |  

PM मोदी से मुलाकात करेंगे सीएम सिद्धारमैया, इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा

New Delhi: नई दिल्ली में सोमवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। मीडिया के साथ साझा की गई मुख्यमंत्री की यात्रा योजना के अनुसार, उनके दोपहर 1:30 बजे दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार बैठक शाम पांच बजे होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया शाम सात बजे दिल्ली से बेंगलुरू के लिए रवाना होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री गन्ना किसानों के मुद्दे और महादयी और मेकेदातु जल परियोजनाओं के लिए लंबित मंजूरी पर चर्चा कर सकते हैं। सिद्धारमैया ने छह नवंबर को प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर गन्ना किसानों के मुद्दे पर चर्चा के लिए समय मांगा था। गन्ना किसान अपनी उपज के लिए 3,500 रुपये प्रति टन की ज्यादा कीमत की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

पत्र में उन्होंने दावा किया था कि समस्या की जड़ केंद्रीय नीतिगत उपायों में है: उचित और लाभकारी मूल्य (एफआरपी) फार्मूला, चीनी के लिए स्थिर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी), निर्यात पर रोक और चीनी आधारित फीडस्टॉक से इथेनॉल का कम इस्तेमाल।

हालांकि, आधिकारिक तौर पर कार्यक्रम में इसका उल्लेख नहीं है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, कर्नाटक में मुख्यमंत्री परिवर्तन और कैबिनेट फेरबदल की अटकलों के बीच सिद्धारमैया एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कांग्रेस आलाकमान से भी मुलाकात कर सकते हैं।

नवंबर में कांग्रेस सरकार के ढाई साल का कार्यकाल पूरा होने पर राज्य में मुख्यमंत्री बदलने की चर्चा चल रही है, जिसे कुछ लोग "नवंबर क्रांति" कह रहे हैं। ये तब हुआ है जब कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार भी नई दिल्ली में हैं और उन्होंने खरगे से मुलाकात की है।

राज्य के राजनीतिक हलकों में, खासकर सत्तारूढ़ कांग्रेस के भीतर, पिछले कुछ समय से मुख्यमंत्री परिवर्तन को लेकर चर्चा चल रही है। इसमें मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उप-मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार के बीच "सत्ता-साझाकरण" समझौते का हवाला दिया जा रहा है।