Breaking News

CWG 2026: मुक्केबाजी में प्रीति पवार ने जीता स्वर्ण पदक     |   CM रेखा गुप्ता ने लॉन्च की दिल्ली लक्ष्मी योजना, आज से रजिस्ट्रेशन शुरू     |   आंध्र को मिला नया इंटरनेशनल एयरपोर्ट, भोगपुरम में पीएम मोदी ने किया उद्घाटन     |   असम बाढ़: दो और मौतों के साथ मृतकों का आंकड़ा 82 पहुंचा     |   CWG 2026: तेजस्विन शंकर बने डेकाथलॉन में पहले CWG पदक विजेता, जीता ब्रॉन्ज     |  

दिल्ली लक्ष्मी योजना का CM रेखा गुप्ता कल करेंगी शुभारंभ, 17 लाख से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ, हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये

दिल्ली सरकार की महत्वाकांक्षी ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ की शुरुआत शनिवार, 1 अगस्त 2026 से होने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार सुबह 11 बजे गीता कॉलोनी स्थित डीएम कार्यालय (पूर्व) में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना के आधिकारिक पोर्टल का शुभारंभ करेंगी। इसके साथ ही पात्र महिलाओं के लिए योजना की ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद कुछ पात्र महिलाओं का पंजीकरण कराकर आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत करेंगी। इसके बाद योजना का लाभ लेने की इच्छुक अन्य पात्र महिलाएं भी ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी। दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि पात्र महिलाओं से प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध तरीके से सत्यापन पूरा किया जाए और रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की पहली किस्त जारी की जाए।

हर महीने मिलेंगे 2,500 रुपये

‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। दिल्ली सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। सरकार के अनुमान के मुताबिक, इस योजना से दिल्ली की 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है। सरकार के मुताबिक, योजना की आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी रखी गई है। इसका उद्देश्य पात्र महिलाओं तक आर्थिक सहायता का लाभ आसानी से और जल्द पहुंचाना है।

महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर जोर

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं से किया अपना महत्वपूर्ण वादा पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ को महिलाओं के सम्मान, आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। मुख्यमंत्री ने पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित पोर्टल पर आवेदन करें। सरकार का कहना है कि योजना के जरिए महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी काम किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण करा सकेंगी। आवेदनों के सत्यापन के बाद योग्य लाभार्थियों को योजना के तहत निर्धारित आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।