Breaking News

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज     |   लखनऊ अग्निकांड मामले में SIT की जांच शुरू     |   राजस्थान के 19 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट     |   लखनऊ अग्निकांड: सभी आरोपियों को जेल भेजा गया     |   CUET UG के नतीजे घोषित     |  

अनुराग ठाकुर ने TMC सांसद पर लोकसभा में ई-सिगरेट पीने का लगाया आरोप, बिरला ने कही कार्रवाई की बात

New Delhi: भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर ने गुरुवार को लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस के एक सांसद पर ई-सिगरेट पीने का आरोप लगाया, जिस पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्रवाई की बात कही। ठाकुर ने प्रश्नकाल में हिमाचल प्रदेश से संबंधित पूरक प्रश्न पूछने के दौरान कहा, ‘‘देशभर में ई-सिगरेट पर प्रतिबंध है। सदन में क्या ई-सिगरेट पीने की अनुमति है?’’

जब लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने ‘नहीं’ में जवाब दिया तो ठाकुर ने कहा, ‘‘तृणमूल कांग्रेस के एक सदस्य पिछले कई दिन से सदन में ई-सिगरेट पी रहे हैं।’’ हालांकि, बीजेपी सांसद ने किसी सदस्य का नाम नहीं लिया। उन्होंने इस मामले में आसन से तत्काल जांच कराकर कार्रवाई की मांग की।

उन्होंने अध्यक्ष से अनुरोध किया, ‘‘यह बड़ा विषय है। अभी जांच करवाईए।’’ उनके साथ निशिकांत दुबे, जगदंबिका पाल समेत कुछ अन्य भाजपा सदस्य भी खड़े होकर कार्रवाई की मांग करते देखे गए। रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी खड़े थे।

हंगामे के बीच बिरला ने सभी सदस्यों से संसदीय परंपराओं और संसदीय नियमों का अनुपालन करने का अनुरोध करते हुए बीजेपी सांसदों से कहा, ‘‘अगर आपको किसी मुद्दे पर कोई आपत्ति है तो लिखकर दे दें। कोई ऐसा विषय होगा तो कार्रवाई करुंगा।’’