मेरठ के मुख्य बाजार आबूलेन में पुलिस और कैंट क्षेत्र में सेना की क्यूआरटी टीम का पहरा रहता है। उसके बावजूद बीच मार्केट में दो युवकों ने स्पोर्ट्स बाइक 100 से ज्यादा की स्पीड से दौड़ाई और स्टंट किए। बाइक सवार युवकों की सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो महज 37 सेकंड की है। लेकिन उसमें युवकों ने 8 बार स्टंट किए। इसमें स्कूटी सवार युवती हादसे का शिकार होने से बच गई।
आपको बता दे सदर बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आबूलेन बाजार आता है। यह बाजार शहर का मुख्य बाजार है। जहां से आबूलेन शुरू होता है, वहीं बेगमपुल चौकी है। इसी चौकी पर कमिश्नर से लेकर एडीजी बैठते हैं। बेखौफ बाइक सवार दो युवकों ने पुलिस की व्यवस्था पर उंगली उठाते हुए बाजार में 100 से ज्यादा स्पीड पर बिना नंबर की स्पोर्ट्स बाइक दौड़ाई और सरेआम स्टंट किए।
जहां बाइक सवार दोनों युवकों की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह वीडियो सिर्फ 37 सेकेंड की है। जिसमें युवकों ने खतरनाक आठ स्टंट किए। ऐसे में अगर युवकों की बाइक डिसबैलेंस हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। बड़ी बात तो ये है कि युवक यहीं नहीं रुके, वें स्टंट करने कैंट क्षेत्र में भी पहुंच गए।
उन्होंने औघड़नाथ मंदिर से पहले चौराहे पर स्टंट किया। जबकि यहां संबंधित थाने की पुलिस के साथ सेना की क्यूआरटी टीम का पहरा रहता है। युवकों ने क्यूआरटी टीम को भी चकमा दिया। बिना अनुमति के कैंट क्षेत्र में वीडियो बनाकर पोस्ट की। जबकि कैंट क्षेत्र की वीडियो बनाने पर सेना की रोक है।
युवकों ने स्पीड से बाइक दौड़ाई और पुलिस को खबर नहीं एक चौकी बेगमपुल और उससे आगे सदर बाजार चौकी हैं, यह दोनों चौकी सदर क्षेत्र में आती हैं। हर शुक्रवार और फेस्टिवल सीजन में तमाम पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी बेगमपुल चौकी पर बैठते हैं। लेकिन युवकों ने पुलिस की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। पुलिस शहर के मुख्य बाज़ारों में चेकिंग का दावा करती हैं, जबकि हकीकत सामने हैं। सीओ प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस पूरे मामले में एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि आबूलेन में कुछ लड़कों का बाइक पर स्टंट करते हुए रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर शेयर करने का एक मामला सामने आया है। वीडियो के आधार पर लड़कों की पहचान की गई है। बाइक का चालान कर उसे सीज किया गया है। युवकों को अरेस्ट कर लिया गया है।