धागा कारोबारी के घर डकैती करने वाले बदमाश अरेस्ट, रिक्शा चालक निकला मास्टरमाइंड
मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र के जाकिर कालोनी के उमर गार्डन में सपा विधायक रफीक अंसारी के रिश्तेदार धागा कारोबारी शादाब अहमद के घर डकैती की घटना का पुलिस ने रविवार देर रात खुलासा कर दिया। 21 अगस्त को हुई वारदात में शामिल 3 बदमाशों को देर रात पुलिस ने अरेस्ट कर लिया। इसमें 1 बदमाश मजहर पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ है। उसके पैर में गोली लगी है।
एसपी सिटी ने बताया कि डकैती की वारदात का मास्टर माइंड कोई और नहीं बल्कि कारोबारी के यहां माल ढोने वाला ई रिक्शा चालक जकी अहमद है। जिसने माल ढोने के दौरान मकान, दुकान की रैकी की थी। इसके बाद अपने 7 और साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था।
मीडिया से बात करते हुए एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सर्विलांस टीम, एसओजी, पुलिस टीम लगातार वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों की तलाश में थी। रविवार देर रात कुछ लीड मिली। इसके बाद सर्विलांस, एसओजी टीम और लोहिया नगर पुलिस ने मौके से तीन आरोपी जकी अहमद, मजहर और सरफराज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस माल और तमंचा बरामद करने के लिए मजहर को अपने साथ मौके पर लेकर गई। जैसे ही टीम बजौट पुलिया पर पहुंची तो बदमाश मजहर ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में मजहर के पैर में गोली लगी है। इस मामले में असलम, गोलू और 3 अन्य बदमाश फरार चल रहे हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 टीमें लगी हुई है। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि आज वो डकैती के माल का हिस्सा, बांट करने वाले थे। इसमें से जेवर को बेचना भी था, तभी पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया।
ई रिक्शा चालक ही निकला मास्टरमाइंड
वहीं एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड तोपचीवाड़ा मेरठ का रहने वाला ई रिक्शा चालक जकी अहमद है। एक साल से जकी अहमद शादाब अहमद की दुकान पर माल ढोने का काम करता है। उसने अपने साथी सरफराज निवासी तोपचीवाड़ा और मजहर निवासी बनिया पाड़ा कोतवाली, बनीसराय के रहने वाले असलम, इमरान और 3 अन्य के साथ मिलकर डकैती की प्लानिंग बनाई थी। फिर वारदात को रैकी करने के बाद अंजाम दे दिया।
पुलिस पूछताछ में जकी ने बताया कि वह अपने ई-रिक्शा से माल लाने-ले जाने का काम करता है। शादाब अहमद के घर और दुकान पर उसका कई बार आना जाना हुआ। इनका बड़ा व्यापार देखकर मन में लालच आ गया। जकी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वो अपने सभी साथियों के साथ दो बाइक और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी पर धागा कारोबारी के घर रात को 10 बजे चेहरा ढंककर पंहुचा। सभी घर के अन्दर घुस गये और सभी घर वालों के हाथ पैर बांधकर घर में रखी नकदी और जेवरात को लूट लिया। अन्य तीन लोगों के नाम हम नहीं जानते उनको असलम अपने साथ लेकर आया था।
कैश, जेवर और तमंचा बरामद
पुलिस ने बदमाशों से लूटे गए रुपयों में से 90 हजार रुपए कैश और14 लाख 70 हजार रुपए के सोने के जेवर भी बरामद किए हैं। तीन तमंचे भी बरामद किए हैं। जिनका पुलिस मिलान कर रही है।