Breaking News

पश्चिम बंगाल चुनाव: अमित शाह 10 अप्रैल को बीजेपी का घोषणा पत्र जारी करेंगे     |   अमेरिका ईरान के साथ मिलकर काम करेगा: डोनाल्ड ट्रंप     |   जयपुर मेट्रो परियोजना के दूसरे चरण को मंजूरी: कैबिनेट का फैसला     |   सेंसेक्स 2,946 अंक उछलकर 77,562.90 पर बंद, निफ्टी 873 अंक बढ़कर 23,997 पर पहुंचा     |   भारत में ईरान के सर्वोच्च नेता के प्रतिनिधि का बयान, सीजफायर के बाद होर्मुज पर रखा पक्ष     |  

Delhi: कालकाजी में झगड़े के बाद मंदिर के सेवादार की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार

Delhi: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी मंदिर में 35 वर्षीय एक सेवादार की कुछ लोगों के साथ झगड़े के बाद कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हमलावरों में से एक को पकड़ लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को मंदिर में हुए विवाद के बारे में सूचना दी गई। पुलिस ने बताया कि मंदिर में दर्शन करने आए आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी सेवादार योगेंद्र सिंह से ‘चुन्नीप्रसाद’ (चुनरी और प्रसाद) मांगा, जिसके बाद यह विवाद शुरू हुआ।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि विवाद ने तब हिंसक रूप ले लिया जब समूह ने सिंह पर घूंसे बरसाए और लाठियों से उनकी पिटाई की। एक अधिकारी ने बताया कि सिंह पिछले 14-15 वर्षों से कालकाजी मंदिर में सेवा कर रहे थे।

उन्हें एम्स (अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान) के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि कालकाजी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 103(1) (हत्या) और 3(5) (संयुक्त दायित्व) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

उन्होंने बताया, ‘‘आरोपियों में से एक की पहचान दक्षिणपुरी निवासी अतुल पांडे (30) के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।’’ पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।