Breaking News

‘बिल पास होना संभव ही नहीं था’, 131वां संविधान संशोधन बिल गिरने पर बोलीं प्रियंका गांधी     |   सैन्य जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति नहीं होगी: ईरानी अधिकारी     |   लखनऊ: दोहरी नागरिकता मामले में राहुल गांधी पर FIR दर्ज करने के आदेश     |   अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में आज भी तेजी, 29 पैसे चढ़कर 92.85 पर पहुंचा     |   सेंसेक्स 504 अंक उछलकर 78,493 पर, निफ्टी 156 अंक चढ़कर 24,353 पर बंद हुए     |  

गर्लफ्रेंड से शादी के लिए छात्र ने रची अपने ही अपहरण की साजिश, परिवार से मांगी 2 लाख रुपए की फिरौती

यूपी: शाहजहांपुर जिले के मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र में एक अनोखा मामला सामने आया है, यहां एक छात्र ने अपने ही परिवार से पैसे ऐंठ कर गर्लफ्रेंड से शादी रचाने के लिए अपने ही अपहरण की झूठी साजिश रच डाली। संजीव कुमार त्यागी जोकि बरेली के सिद्धि विनायक कॉलेज में BBA की पढ़ाई करता है उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर जो साजिश रची थी फिलहाल पुलिस ने आज उसका पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दरअसल संजीव 21 अक्तूबर को घर से कॉलेज जाने के लिए निकला था, लेकिन इसके बाद से उसका पता नहीं चला। उसके भाई अखिल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि संजीव का किसी अज्ञात व्यक्ति ने अपहरण कर लिया है। अपहरण जैसी गंभीर घटना की सूचना मिलते ही कटरा थाना पुलिस ने सर्विलांस और एसओजी की मदद से छात्र की तलाश शुरू कर दी। बुधवार को अपहरणकर्ता ने अखिल को फोन करके 2 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। पुलिस ने अपहरण कर्ताओं को पकड़ लिया और संजीव को बरामद भी कर लिया।

लेकिन पुलिसिया पूछताछ में जो मामला खुलकर सामने आया वह बेहद चौंकाने वाला था। संजीव ने परिवार से पैसे ऐंठने के लिए अपने अपहरण की साजिश रची थी। उसे अपनी गर्लफ्रेंड से शादी करने के लिए पैसों की जरूरत थी। उसने इस साजिश में अपने दोस्तों को भी शामिल किया था। फिलहाल पुलिस टीम ने संजीव और उसके दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।