Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

इस्लामाबाद में शिया मस्जिद पर आत्मघाती हमले में 12 लोगों की मौत, कई घायल

Pakistan: पाकिस्तान की राजधानी में शुक्रवार की नमाज के दौरान शिया समुदाय की मस्जिद में आत्मघाती हमलावर द्वारा खुद को विस्फोट में उड़ा लेने से कम से कम 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस सूत्रों ने ये जानकारी दी। ये विस्फोट संघीय राजधानी के शहजाद टाउन इलाके में स्थित तरलाई इमामबाड़ा में हुआ।

पुलिस के मुताबिक, आत्मघाती हमलावर को इमामबाड़ा के द्वार पर रोक लिया गया था, लेकिन उसने खुद को विस्फोट में उड़ा लिया। घटना में 12 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। फिलहाल किसी भी समूह ने इस विस्फोट की जिम्मेदारी नहीं ली है।

हालांकि, पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमलावर एक विदेशी नागरिक था और उसके संबंध ‘फितना अल ख्वाराजी’ से थे। यह शब्द तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के लिए इस्तेमाल किया जाता है। बचाव टीम और पुलिस हमले वाली जगह पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया।

राजधानी के अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई। ये हमला ऐसे समय हुआ है, जब उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शावकत मिर्जियोयेव पाकिस्तान के दौरे पर हैं। वे गुरुवार को पाकिस्तान के दो दिवसीय राजकीय दौरे पर पहुंचे। इस घटना से कुछ महीने पहले इस्लामाबाद में जिला और सत्र न्यायालय भवन के बाहर हुए एक आत्मघाती विस्फोट में 12 लोगों की मौत हो गई थी।