Breaking News

सरकार ने CBDT चेयरमैन रवि अग्रवाल का कार्यकाल 30 जून के बाद छह महीने के लिए बढ़ाया     |   गाजा का दावा- पिछले 24 घंटों में इजरायली हमलों में कम से कम आठ लोग मारे गए, 26 घायल     |   ट्विशा केस: सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी     |   'चंपत राय ने गड़बड़ी की, राम मंदिर को लूटा', चढ़ावा चोरी पर बोले हनुमानगढ़ी के महंत धर्मदास     |   भारत का विदेशी कर्ज 72 लाख करोड़ के पार पहुंचा, आई RBI की ताजा रिपोर्ट     |  

30 से ज्यादा उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकी, अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां

New Delhi: अलग-अलग भारतीय विमानन कंपनियों की 30 से ज्यादा उड़ानों में शनिवार को बम होने की धमकी मिली। सूत्रों ने ये जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया, इंडिगो, अकासा एयर, विस्तारा, स्पाइसजेट, स्टार एयर और एलायंस एयर की उड़ानों को धमकियां मिली हैं। इनमें इंडिगो की दिल्ली और मुंबई से इस्तांबुल और जोधपुर से दिल्ली की उड़ानों के अलावा विस्तारा की उदयपुर से मुंबई की उड़ानें शामिल हैं। इस हफ्ते अब तक कम से कम 70 उड़ानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिली हैं। हालांकि, उनमें से ज्यादातर सिर्फ अफवाह थीं।

सूत्रों ने कहा कि शनिवार सुबह से घरेलू एयरलाइंस की घरेलू और अंतरराष्ट्रीय सहित 30 से ज्यादा उड़ानों को सोशल मीडिया के माध्यम से बम की धमकी मिली हैं। एक विमान के शौचालय में नोट पाया गया, जिसमें कहा गया था कि प्लेन में बम है। शनिवार को विस्तारा ने कहा कि पांच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सुरक्षा संबंधी धमकियां मिलीं, जबकि इंडिगो ने कहा कि उसकी कम से कम चार उड़ानों को ये अलर्ट मिला है।

विस्तारा की पांच उड़ानें यूके106 (सिंगापुर से मुंबई), यूके027 (मुंबई से फ्रैंकफर्ट), यूके107 (मुंबई से सिंगापुर), यूके121 (दिल्ली से बैंकॉक) और यूके131 (मुंबई से कोलंबो) को बम की धमकी मिली है। एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने कहा, "प्रोटोकॉल का पालन करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया है अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के मार्गदर्शन के अनुसार सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।"

इसके अलावा उदयपुर से मुंबई तक विस्तारा की उड़ान यूके624 को सुरक्षा संबंधी थ्रेट मिला था। इसके बाद प्लेन को लैंडिंग के बाद जांच के लिए आइसोलेशन बे में ले जाया गया। इंडिगो की 6E17 (मुंबई से इस्तांबुल), 6E11 (दिल्ली से इस्तांबुल), 6E184 (जोधपुर से दिल्ली) और 6E108 (हैदराबाद से चंडीगढ़) को बॉम्ब थ्रेट मिला है।

एयरलाइन ने कहा कि वो मुंबई और दिल्ली से इस्तांबुल की उड़ानों पर नजर रखे हुए है। वहीं जोधपुर से दिल्ली की उड़ान के बारे में कंपनी ने कहा कि विमान दिल्ली में उतरा और सभी यात्री सुरक्षित हैं। हैदराबाद से चंडीगढ़ उड़ान के बारे में इंडिगो ने कहा कि लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया गया। सूत्रों ने बताया कि चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर अधिकारियों ने आइसोलेशन बे में विमान की जांच की।

शुक्रवार को विस्तारा की तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम की धमकी मिली जो अफवाह निकली। हालांकि, एहतियात के तौर पर एक उड़ान को फ्रैंकफर्ट डायवर्ट कर दिया गया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय एयरलाइनों को मिल रही बम की झूठी धमकियों की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त नियम बनाने की योजना बना रहा है, जिसमें अपराधियों को नो-फ्लाई लिस्ट में डालना भी शामिल है।