Breaking News

दाखिल-खारिज व्यवस्था में सुधार, बिहार सरकार ने लागू किए नए प्रावधान     |   मुंबई-वडोदरा हाईवे पर BMW कार हादसे का शिकार, दो की मौत     |   सर्वे में ट्रंप को झटका, ईरान मुद्दे पर अधिकांश अमेरिकियों ने जताई नाराजगी     |   कच्चे तेल की कीमतों में 3% उछाल, ब्रेंट क्रूड 82 डॉलर के करीब पहुंचा     |   US-ईरान बातचीत में सहमति, तकनीकी समूहों का काम जारी     |  

Delhi: पुलिस मुठभेड़ में कुख्यात नेपाली अपराधी ढेर, हत्या-डकैती के कई मामलों में था वांछित

Delhi: दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार देर रात मुठभेड़ के दौरान नेपाल के एक कुख्यात अपराधी भीम महाबहादुर जोरा (39) को मार गिराया। मुठभेड़ दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क के पास मंगलवार रात करीब 12.20 बजे हुई।

पुलिस के अनुसार, भीम जोरा मई 2024 में जंगपुरा स्थित एक निजी क्लिनिक चलाने वाले डॉ. योगेश चंद्र पॉल की हत्या के मामले में वांछित था। उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम अपराध शाखा और दक्षिण-पूर्वी दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने भीम जोरा को घेर लिया।

पुलिस ने बताया कि जोरा ने खुद को बचाने के लिए छह राउंड गोलियां चलाईं, जिसके जवाब में पुलिस ने पांच राउंड फायरिंग की, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल हालत में उसे तुरंत एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके से पुलिस ने एक पिस्तौल, खाली कारतूस, एक जिंदा कारतूस और चोरी के औजारों से भरा बैग बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि जोरा दिल्ली, गुरुग्राम, गुजरात और बेंगलुरु में हत्या, डकैती और चोरी के करीब छह मामलों में शामिल था।