मेरठ में स्क्रिप्ट राइटर नदीम के लापता होने के मामले में नया मोड़ आया है। पुलिस जांच में सामने आया कि नदीम गंग नहर में कूदा ही नहीं, बल्कि घर से भागा है। जिसके बाद परिजनों से नए सिरे से पूछताछ हुई, तब उन्होंने बताया कि नदीम का हिंदू लड़की कल्पना (बदला हुआ नाम) से लव अफेयर था। वह उससे शादी करना चाहता था। मगर कल्पना के घर वाले तैयार नहीं थे।
जहां रिश्तेदारों ने भी बयान दिया कि कल्पना के चक्कर में नदीम ने यह कदम उठाया है। नदीम की स्टोरी को समझने के लिए नेटवर्क 10 की टीम कंकरखेड़ा इलाके के लाला मोहम्मदपुर में पहुंची। पढ़िए पूरी रिपोर्ट...
पापा को फोन किया- अब जीना नहीं चाहता
लाला मोहम्मदपुर में रहने वाले नूर इस्लाम के पास 11 फरवरी की दोपहर में उनके बेटे नदीम की कॉल आई। उसने कहा- मैं गंग नहर के पास खड़ा हूं, पापा…अब मैं जिंदगी से हार चुका हूं, इसलिए जा रहा हूं, अब आपसे कभी नहीं मिलूंगा। यहां मेरी कार, मोबाइल, पर्स है। आकर ले जाना। इतना कहकर नदीम ने कॉल डिस्कनेक्ट कर दी।
जब परिवार के लोग गंग नहर के पूठखास पुल के पास पहुंचे। तब वहां पर नदीम की होंडा सिटी कार खड़ी मिली। आस-पास नदीम को तलाशा गया, उसका सामान तो मिल गया, मगर नदीम का कुछ पता नहीं चला।
परिवार ने पुलिस से मदद मांगी। रोहटा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने नहर के अंदर 10 KM की रेंज में 3 दिन सर्च ऑपरेशन चलाया। मगर नदीम की बॉडी नहीं मिली।
यही वह गंगनहर है, जहां पर नदीम की कार खड़ी मिली थी। कार से ही मोबाइल और बाकी सामान भी बरामद हो गया। नहर की तरफ आने वाले रास्तों के सीसीटीवी देखे गए। मगर नदीम का कुछ पता नहीं चला। सिर्फ उसकी कार मंगलवार सुबह नहर की तरफ जाती हुई दिखी। इसके बाद कोई संदिग्ध व्यक्ति या गाड़ी पुलिस को नजर नहीं आई। जबकि नदीम की बॉडी नहर में नहीं मिली, माना जा रहा है कि वह नहर में कूदा नहीं, बल्कि कहीं चला गया। क्योंकि सीसीटीवी सिर्फ रोड पर लगे हैं, जबकि वहां से जाने के कई कच्चे रास्ते हैं।
घर पहुंचने के बाद जो सामने आया, वो पढ़िए…
जब टीम नदीम के कमरे में पहुंची। वहां एक अलमारी में दुर्गा मां की प्रतिमा, साई बाबा की तस्वीर लगी थी। पास में दीपक रखे थे। भाई शाहदार आलम ने बताया कि नदीम गले में रुद्राक्ष की माला पहनने लगा था। पूजा करता था, ध्यान लगाता था। नमाज बंद कर दी थी। वह धीरे-धीरे इस्लाम से हिंदू धर्म की तरफ बढ़ने लगा था।
हमारा सवाल था कि आखिर ऐसा क्यों हुआ?
जवाब में शाहदार ने कहा- कल्पना की वजह से नदीम घर से भागा है। ये कल्पना कौन है? भाई ने कहा- वह कल्पना से प्यार करता है। उसी के चक्कर में वो नहर में कूदा है या कहीं चला गया। दोनों का अफेयर चल रहा था। दोनों एक-दूसरे से शादी करना चाहते हैं। इस मोहब्बत के बारे में जब दोनों परिवारों को पता चला। तब परिवार के लोगों ने दोनों को समझाया, मगर ये लोग नहीं माने।
नदीम के भाई शाहदार ने कहा- मेरा भाई परेशान रहता था।
दरअसल, नदीम के पिता गांव में दवाओं का व्यवसाय करते हैं। कल्पना के पिता भी गांव में डॉक्टर हैं। 8 दिन पहले नदीम के मम्मी-पापा कल्पना के घर रिश्ता लेकर गए थे।
मगर लड़की के घरवालों ने दूसरे धर्म में शादी करने से मना कर दिया। ये अलग बात है कि नदीम से शादी करने के लिए लड़की तैयार थी। कल्पना के घरवालों ने नदीम के परिजनों को खाली हाथ लौटा दिया। तभी से नदीम परेशान था। वो शादी करना चाहता था, लेकिन उसके घरवाले नहीं माने।
शाहदार आलम ने कहा- बेटा तो हिंदू धर्म को स्वीकार करने को भी तैयार था। नदीम अक्सर दुर्गा माता और हिंदू भगवानों की पूजा करता। उसके कमरे में हिंदू-देवी देवताओं की मूर्तियां भी रखी रहती हैं। उसके सामने दीपक जलाता था।
मीडिया से बात करते हुए शाहदार ने बताया कि नदीम इन दिनों एक रोमांटिक नॉवेल लिख रहा था, जिसका टाइटल एक अधूरे प्यार की कहानी पर रखा था। दरअसल, नदीम के अपने अधूरे प्यार की कहानी है। जिसमें उसने अपनी लवस्टोरी को लिखा है। इसी नॉवेल को वो पूरा करना चाहता था। इसका कवर पेज भी उसने डिजायन कर लिया था।
वेलेंटाइन डे पर करनी थी शादी
नदीम और उसकी गर्लफ्रेंड की 14 फरवरी वेलेंटाइन डे के दिन हिंदू रीति रिवाज से मंदिर में शादी करने की प्लानिंग थी। नदीम धर्म परिवर्तन के लिए भी तैयार था। इसलिए शायद नदीम घर से भाग गया है और नहर में कूदकर सुसाइड का नाटक कर रहा है।
नदीम के मौसी के लड़के मोहम्मद शाहिद ने कहा- नदीम स्क्रिप्ट राइटर है। उसका सपना उपन्यासकार और फिल्मों में लेखक बनना है। सुभारती यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म की पढ़ाई की, अपना यूट्यूब चैनल भी चलाता है। ऑनलाइन शायरियां भी लिखता है। नदीम ने सुसाइड किया या कहीं चला गया, अभी क्लियर नहीं
वही इस पूरे मामले में एसपी देहात डॉ राकेश कुमार मिश्रा ने कहा- नदीम की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखी गई है। उसे सीसीटीवी की मदद से तलाशा गया। परिजनों, दोस्तों से पूछताछ भी की जा रही है। उसका मोबाइल नहर किनारे मिला है। वही उसकी लास्ट लोकेशन मिली है। नहर में भी लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। मगर उसका कहीं पता नहीं चला। उसने सुसाइड किया है या कहीं चला गया है, यह अभी क्लियर नहीं कह सकते। दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।