Breaking News

अभिजीत दीपके की अपील खारिज, पुलिस ने CJP के प्रोटेस्ट की समयसीमा बढ़ाने से किया इनकार     |   'बंगाल बेड़ियों से आजाद हो गया है', तारकेश्वर में PM मोदी का TMC-लेफ्ट पर हमला     |   बंगाल में आपके वोट का परिवर्तन नजर आ रहा है: पीएम मोदी     |   ईरान पहुंचे पाकिस्तानी गृह मंत्री नकवी, शांति समझौते के बाद पहला हाई-लेवल दौरा     |   जंतर-मंतर पर जारी रहेगा प्रदर्शन! CJP फाउंडर दीपके बोले- शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तक नहीं हटेंगे     |  

बेटों ने ही सुपारी देकर करवाया पिता का मर्डर, पुलिस ने किया वायुसेना कर्मी की हत्या का खुलासा

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने एक सेवानिवृत्त वायुसेना कर्मी की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले का खुलासा करते हुए दावा किया कि मृतक के दो बेटों ने ही उसकी हत्या करवाई थी। आरोप है कि दोनों अभियुक्तों ने अपने पिता की हत्या करवाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही समेत भाड़े के हत्यारों को सुपारी दी थी।

सहायक पुलिस आयुक्त सिद्धार्थ गौतम ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया कि विगत 26 दिसंबर को लोनी थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में अपने घर लौट रहे पूर्व वायुसेना कर्मी योगेश (58) की दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

योगेश बागपत जिले के रहने वाले थे। गौतम ने बताया कि योगेश अपने बेटों से घर खाली करवाने की कोशिश कर रहे थे। इससे नाराज उनके बेटों ने कथित तौर पर संपत्ति के लालच में उनकी हत्या की साजिश रची। बेटों ने कथित तौर पर पड़ोसी अरविंद (32) नामक ‘सुपारी लेकर हत्या करने वाले’ को पिता की सुपारी दी।

उन्होंने बताया कि अरविंद ने कौशांबी जिले में सिपाही के पद पर तैनात अपने साले नवीन के साथ मिलकर गोली चलाई। गौतम ने बताया कि पूछताछ के दौरान अरविंद ने कुबूल किया कि उसने और नवीन ने योगेश पर दो गोलियां चलाईं, जिससे उनकी मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि अरविंद को बुधवार शाम को गिरफ्तार करके गाजियाबाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उसके पास से एक देसी पिस्तौल, दो कारतूस और खोखा बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि सिपाही नवीन और मृतक योगेश के दोनों बेटे फरार हैं। उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं।