मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को टीचर रविंद्र और वंदना के घर में हुई लूट मामले में पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हुई है। 36 घंटे में पुलिस की 40 लाख की लूट करने वाले बदमाश से मुठभेड़ हुई है। इसमें एक आरोपी जिसका नाम विशाल बताया जा रहा है उसके पैर में गोली लगी है। वहीं दूसरा आरोपी फरार बताया जा रहा है। बता दें कि इन दोनों युवकों ने शुक्रवार को दिनदहाड़े टीचर के घर में घुसकर लूट की थी।
आपको बता दे शनिवार को मेडिकल थाना पुलिस की दोनों युवकों से मुठभेड़ हुई। जिसमें एक आरोपी युवक फरार हो गया। वहीं विशाल नाम का दूसरा आरोपी पकड़ा गया। उसके पैर में गोली लगी है। उसे मेडिकल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
वही मौके पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी पहुंचे हैं। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शिवालिक होम्स में लूट की घटना हुई थी। इसके लिए सीओ सिविल लाइंस के निर्देशन में पुलिस की 2 टीमें लगी थी। शनिवार को सूचना मिली कि विशाल पुत्र राजकुमार नाम का एक युवक लूट के सामान के साथ जाग्रति बिहार एक्सटेंशन के पास देखा गया। सूचना पर पुलिस की टीमें वहां पहुंची। पुलिस को चैकिंग के दौरान ये आता हुआ दिखा। पुलिस ने इसे रोकने का प्रयास किया लेकिन रुकने के बजाय भागने लगा और पुलिस पर फायर कर दिया। तब पुलिस की तरफ से आत्मरक्षार्थ फायरिंग की गई। जिससे विशाल के पैर में गोली लगने से वो घायल हो गया। उसे इलाज के लिए मेडिकल अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया है। इसके पास से पुलिस को एक बैग में आभूषण, नकदी, बाइक, खाली खोखा भी मिला है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूछताछ में विशाल ने लूट की घटना कारित करना बताया है। उसने कहा कि इसमें उसके साथ उसके दो साथी निशू और रितिक भी शामिल थे। रितिक, निशू दोनों फिलहाल फरार हैं। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है। उनकी तलाश के लिए पुलिस की 2 टीमें लगी हैं। निशू, रितिक पर 25-25 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है।
आरोपी विशाल अस्पताल में ओह बचा लो ओह बचा लो चिल्लाता रहा। जब लोग उसका फोटो खींचने लगे तो आरोपी बार-बार हाथों से अपना मुंह छिपाता रहा।
घटना मेडिकल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को इन दोनों आरोपियों ने दिनदहाड़े टीचर रविंद्र के घर में लगभग 40 लाख रुपयों की लूट की थी। रविंद्र और उनकी पत्नी वंदना दोनों सुबह अपने-अपने स्कूल गए थे। घर में 15 साल की बेटी अनन्या अकेली थी। अनन्या एमपीजीएस स्कूल में 10वीं की छात्रा है। शनिवार को उसका मैथ्स का पेपर था। इसलिए शुक्रवार को पढ़ाई करने के कारण वो घर पर ही रुकी थी। संदली मांगने के बहाने दोनों युवक घर में घुसे थे। तभी दो युवक कैप और मफलर पहनकर घर में आए। अनन्या से कहा कि संदली चाहिए। यह सुनकर अनन्या ने जैसे ही गेट खोला तो दोनों बदमाशों ने उसे धक्का दिया और घर में घुसकर दरवाजा बंद कर लिया। बेटी को गनप्वाइंट पर ले लिया। उससे कहा कि चिल्लाई तो गोली मार देंगे। इसके बाद उसके हाथ-पैर लोअर से बांध दिए। अनन्या को एक कमरे में डाल दिया। इसके बाद दोनों बदमाशों ने अलमारी खोलकर उसमें से सोने चांदी के जेवर और नकद 12 हजार रुपए के साथ ही घर के डुप्लीकेट कागजात निकाले और लेकर पैदल ही फरार हो गए थे।
बदमाशों के जाने के बाद किसी तरह अनन्या ने खुद को खोला और पड़ोसियों को चिल्लाकर सारी बात बताई। मौके पर पहुंचे पड़ोसियों ने रविंद्र उनकी पत्नी को वारदात की जानकारी दी। साथ ही पुलिस को सूचित किया। मौके पर सीओ सदर देहात नवीना शुक्ला के अलावा थाना पुलिस भी पहुंची थी। इसके बाद से पुलिस मामले की जांच कर रही थी। मेडिकल थाने से पुलिस की दो टीमें सीओ सिविल लाइंस के निर्देशन मामले के खुलासे में लगी थी।
जिसके बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी चैक किए थे। जिसमें दो लड़के टीचर के घर में घुसते फिर बाहर जाते दिखे। साथ ही ये दोनों युवक आसपास गलियों में पैदल घूमते हुए भी दिखे थे। पुलिस सीसीटीवी के हिसाब से युवकों की तलाश में लगी थी।