Breaking News

पवन सिंह, निशांत कुमार समेत अन्य नव निर्वाचित MLC कल लेंगे शपथ     |   केन्या में विरोध-प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गोलीबारी, एक व्यक्ति की मौत     |   झारखंड में बिजली गिरने से दो महिलाओं समेत सात लोगों की मौत     |   मुंबई: स्कूल बस पर गिरा पेड़, 10 छात्र सुरक्षित निकाले गए, एक बच्चे की मौत     |   दिल्ली के परिक्रमा रेस्टोरेंट में लगी आग     |  

विमानों में बम की धमकियां फर्जी, दिल्ली पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की

New Delhi: दिल्ली पुलिस ने पिछले दो दिनों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में बम होने की मिली धमकियों के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की है और मामले की जांच शुरू की है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को ये जानकारी दी। विमानन कंपनी ‘अकासा एयर’ की बेंगलुरू जाने वाली उड़ान बम की धमकी मिलने के बाद राष्ट्रीय राजधानी लौट आई जिसमें 180 से ज्यादा यात्री सवार थे। 

सूत्रों के अनुसार, पिछले दो दिनों में सोशल मीडिया खातों के जरिए अलग-अलग उड़ानों को बम धमकियां मिलने के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ये विमान अलग-अलग देशों और राज्यों के लिए उड़ान भरने वाले थे। पिछले दो दिनों में कुछ अंतरराष्ट्रीय सहित करीब 12 भारतीय उड़ानों में बम होने की धमकी मिली, हालांकि विमानों की तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। 

पुलिस ने बताया कि प्राथमिकी की संख्या बढ़ सकती है। इस बीच, विभिन्न विमानन कंपनी को मिली कई धमकियों का मुद्दा बुधवार को संसदीय समिति के सामने उठा और नागर विमानन सचिव ने सांसदों को बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।