Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

दिल्ली में NH-48 पर कर रहा था खतरनाक स्टंट, पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार, एसयूवी जब्त

Delhi: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 के एक व्यस्त हिस्से पर लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने के आरोप में 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी एसयूवी जब्त कर ली है। ये कार्रवाई कथित तौर पर घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। एक अधिकारी ने मंगलवार को ये जानकारी दी। सोशल मीडिया एक व्यक्ति द्वारा साझा किए गए एक वीडियो का संज्ञान लेते हुए, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक पोस्ट में कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘समयपुर बादली थाने में बीएनएस और मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। स्कॉर्पियो कार को जब्त कर लिया गया है। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जो इग्नू का छात्र है।’’

पुलिस के अनुसार, ये घटना एक वीडियो के माध्यम से 18 जनवरी को सामने आई। वीडियो में शीशे पर काली फिल्म लगी काली रंग की स्कॉर्पियो एन गाड़ी जीटी करनाल बाईपास रोड पर नरेला की ओर खतरनाक तरीके से जाती दिखाई दी।

वाहन को जिस तरह चलाया जा रहा था उससे सड़क पर अन्य लोगों की जान को खतरा पैदा हो रहा था। अधिकारी ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक सुरक्षा के लिए संभावित खतरे का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी के वाहन को जब्त कर लिया।

उन्होंने बताया कि चालक की पहचान ओखला निवासी दाऊद अंसारी (21) के रूप में हुई है। अधिकारी के अनुसार, जांच में पाया गया कि वाहन उसके पिता मुसाफिर अंसारी के नाम पर पंजीकृत है। चालक के ‘ड्राइविंग लाइसेंस’ की जांच की गई तथा मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए उसे हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद मानव जीवन को खतरे में डालने वाले लापरवाह कृत्य के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने कहा, “ये घटना 18 जनवरी को अपराह्न तीन बजे से चार बजे के बीच जीटी करनाल बाईपास रोड पर हुई।”