Breaking News

NEET UG परीक्षा तक सर्विस पर रोक के खिलाफ दिल्ली HC पहुंचा टेलीग्राम     |   योग-डे के लिए 7 दिन कोलकाता का रेड रोड बंद... शुभेंदु सरकार के आदेश को HC में चुनौती, होगी सुनवाई     |   कानपुर में बॉयफ्रेंड के कहने पर पत्नी ने किया पति पर चाकू से हमला, अस्पताल में मौत     |   दिल्ली पहुंचे यूबीटी सांसद राजाभाऊ वाजे, बोलें- मैं उद्धव के साथ हूं     |   महाराष्ट्र: लोकसभा स्पीकर के आवास पहुंच सकते हैं यूबीटी के बागी सांसद     |  

ASI ने रोहतक में की आत्महत्या, ‘सुसाइड नोट’ में पूरन कुमार पर लगाये गंभीर आरोप

Haryana: हरियाणा पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक ने मंगलवार को रोहतक जिले में कथित तौर पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के दिवंगत अधिकारी वाई पूरन कुमार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए छह मिनट का एक कथित वीडियो और तीन पन्नों का एक ‘सुसाइड नोट’ छोड़ा है। वीडियो और ‘सुसाइड नोट’ की सत्यता की तुरंत पुष्टि नहीं हो सकी।

पुलिस ने बताया कि एएसआई संदीप कुमार ने पूरन कुमार के सहयोगी और हेड कांस्टेबल सुशील कुमार की गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाई थी। पूरन कुमार रोहतक जिले में महानिरीक्षक रहे थे और पिछले हफ्ते चंडीगढ़ स्थित अपने घर में मृत पाये गये थे। साइबर प्रकोष्ठ में तैनात एएसआई का शव रोहतक के लाढौत-धामर रोड स्थित उनके घर से बरामद किया गया। आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार के आत्महत्या के मामले को लेकर बढ़ते विवाद के बीच संदीप कुमार की कथित आत्महत्या का मामला सामने आया है।

पूरन कुमार ने एक कथित ‘सुसाइड नोट’ छोड़ा था, जिसमें पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर और रोहतक के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र बिजारणिया सहित आठ अधिकारियों पर ‘जाति-आधारित भेदभाव, लक्षित मानसिक उत्पीड़न, और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने का आरोप लगाया गया था। सरकार ने पुलिस महानिदेशक को छुट्टी पर भेज दिया जबकि बिजारणिया का तबादला कर दिया गया।

पुलिस ने अब तक संदीप कुमार के नोट या वीडियो पर आधिकारिक रूप से कोई टिप्पणी नहीं की है। रोहतक पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने फोन पर बताया, “संदीप ने खुद को गोली मार ली।” रोहतक के पुलिस अधीक्षक एसएस भोरिया ने घटनास्थल पर पत्रकारों को बताया, “एएसआई संदीप हमारे विभाग में बहुत मेहनती और ईमानदार व्यक्ति थे। हमें सूचना मिली थी कि एक शव मिला है, जिसके बाद हम यहां पहुंचे।”

उन्होंने वीडियो और ‘सुसाइड नोट’ के बारे में पूछे जाने पर बताया, “इस समय कुछ भी कहना मुश्किल है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है।” संदीप कुमार ने कथित वीडियो में पूरन कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भगत सिंह ने भी बलिदान दिया और एक कठिन रास्ता अपनाया, जिसके बाद देश जागृत हुआ। संदीप ने वीडियो में कथित रूप से कहा, “और आज, यह देश तब जागृत होगा जब हम सत्य के मार्ग पर अपना बलिदान देंगे।’’

संदीप को वीडियो में यह कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘ईमानदार अधिकारी’ नरेंद्र बिजारणिया ने पूरन कुमार से सवाल किए थे। पूरन कुमार का नाम हाल ही में एक रिश्वत कांड में सामने आया था। रोहतक में शराब के एक ठेकेदार ने हेड कांस्टेबल सुशील कुमार के खिलाफ रिश्वतखोरी का मामला दर्ज कराया था।

ठेकेदार ने आरोप लगाया कि सुशील कुमार ने पूरन कुमार के नाम पर (जब वह वहां तैनात थे) 2.5 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। सुशील कुमार को हाल ही में गिरफ्तार किया गया था। पूरन कुमार (52) हाल ही में रोहतक के सुनारिया स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र (पीटीसी) में महानिरीक्षक के पद पर तैनात हुए थे।