मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र में उल्देपुर की निमार्णाधीन कॉलोनी में डकैती डालने वाले 7 बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बदमाशों के पास से स्विफ्ट डिजायर, बिना नंबर की स्पेल्डर बाइक, 2 तमंचे, टूल किट और लूटा गया कॉपर बरामद किया है। मुठभेड़ की जानकारी पर एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे।
इस मामले में एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दो सप्ताह पहले गंगानगर थाना क्षेत्र के उल्देपुर गांव में निर्माणधीन कॉलोनी में बदमाशों ने डकैती डाली थी। दोनों गार्डों को बंधक बनाकर बदमाशों ने ट्रांसफार्मर से लाखों रुपये कीमत कॉपर का तार लूट लिया था।
आपको बता दे रविवार सुबह गंगानगर पुलिस इंचौली थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव के रजबहे पर चेकिंग कर रही थी। बाइक पर आए दो युवकों को रुकने का इशारा किया तो वह पुलिस पर फायरिंग करके भागने लगे। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैरों में गोली लग गई। इसी बीच पीछे से आई स्विफ्ट डिजायर कार में बदमाशों के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया तो टीम ने घेराबंदी करके उनको गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही थी।
वहीं इस पूरे मामले में गंगानगर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में साजिद उर्फ भूरा पुत्र रियासत निवासी जेवरी कंकरखेड़ा और शेर खान पुत्र फकीरा निवासी जेवरी कंकरखेड़ा के पैरों में गोली लगी है। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनके अलावा गिरफ्तार बदमाशों में नईम पुत्र मुस्तफा निवासी हुमांयू नगर, जाहिद पुत्र जहंगीर निवासी लिसाड़ी गेट, फारुख निवासी मदीना कॉलोनी, सादिक व जुल्फिकार निवासी नरेड़ा को गिरफ्तार किया है।