Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

यूपी के 90 लाख घरों में लगेंगे स्मार्ट मीटर

विद्युत विभाग अब उत्तर प्रदेश के 90 लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगाने जा रहा है। जिसका बिल अब सीधे मोबाइल पर आएगा। मध्यांचल के 90 लाख उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने का काम जल्द ही शुरू होने वाला हैं। इससे बिजली बिलिंग की व्यवस्था पारदर्शी हो जाएगी। मीटर लगाने का काम कई महीने चलेगा।
चंद माह बाद बिजली की रीडिंग लेने के लिए मीटर रीडर की जरूरत नहीं पड़ेगी। बिजली का बिल मोबाइल पर ही आएगा। बिजली विभाग ने स्मार्ट मीटर लगाने की प्रकिया तेज कर दी है। पहले चरण में बिजली घरों के फीडर और ट्रांसफार्मरों के बाहर लगने वाले मीटरों को बदलकर स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जा रहा है।

महीने के अंतिम सप्ताह से सामान्य प्री पेड मीटर बदलकर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। राजधानी में बीस हजार से अधिक प्री पेड मीटर के उपभोक्ता हैं। यही नहीं सोलर रूफ टाप वाले जिन उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगे हैं, उनके यहां भी यह स्मार्ट मीटर लगेंगे। कुल मिलाकर आने वाले समय में सभी उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगने से मीटर रीडर का काम खत्म हो जाएगा।

बिजली विभाग का दावा है कि स्मार्ट मीटर सामान्य मीटर से अच्छा रिजल्ट देंगे। वर्तमान में लखनऊ में दो लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं, जबकि उपभोक्ता 12 लाख के आसपास हैं। ऐसे में यहां करीब दस लाख स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इसके अलावा बरेली में दो लाख घरों में स्मार्ट मीटर लगे हैं।

मध्यांचल के अंतर्गत आने वाले 19 जिलों में 94 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें चार लाख स्मार्ट मीटर पहले ही लग चुके हैं। अब नब्बे लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम किया जाएगा।