Breaking News

‘PM मोदी से हमारे रिश्ते अच्छे’, फ्रांस में द्विपक्षीय बैठक में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'पीएम मोदी के साथ कई मुद्दों पर हुई बात', मीटिंग के बाद बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   'मोदी शांत, संयमित और जबरदस्त...मैं उनके जैसा नहीं', पीएम की तारीफ में बोले डोनाल्ड ट्रंप     |   कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे पर PM मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी का आरोप, विशेषाधिकार समिति को सौंपी गई शिकायत     |   समाजवादी पार्टी के 25-26 सांसद टूटने को तैयार: केशव प्रसाद मौर्य     |  

Gold Silver Price: चांदी पांच प्रतिशत गिरकर 2.55 लाख रुपये पर आई, सोना भी लुढ़का

Gold Silver Price: मांग में नरमी के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की गिरावट आई। चांदी 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी की कीमत 13,500 रुपये यानी 5.03 प्रतिशत टूटकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर समेत) रह गई। बृहस्पतिवार को यह 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बंद हुई थी।

वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,400 रुपये यानी 1.5 प्रतिशत टूटकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर समेत) रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘शेयर बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच सोने और चांदी में भारी गिरावट आई और शुक्रवार को भी दबाव बना रहा। निवेशकों ने बहुप्रतीक्षित अमेरिकी उपभोक्ता महंगाई के आंकड़ों के आने से पहले सावधानी का रुख अपनाया।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 2.01 डॉलर यानी तीन प्रतिशत बढ़कर 77.30 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,968.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘चांदी 79 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है, जबकि सोना 4,990 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। इसकी वजह यह है कि बाजार का ध्यान अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आगामी आंकड़ों पर है।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भू-राजनीतिक तनाव में थोड़ी कमी आने से भी सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना-चांदी की मांग नरम पड़ी है।