Breaking News

इजरायली सेना ने ईरान के लोगों को दी चेतावनी, कहा- ट्रेनों और रेलवे लाइनों से दूर रहने की दी सलाह     |   लखनऊ: योगी कैबिनेट की बैठक शुरू, शिक्षामित्रों के मानदेय बढ़ाने समेत कई प्रस्ताव पर होगी चर्चा     |   पिछले 24 घंटों में इजरायल के खिलाफ किए 60 से ज्यादा सैन्य ऑपरेशन, हिज्बुल्लाह का दावा     |   बंगाल SIR: 27 लाख से ज्यादा मतदाता वोटर लिस्ट से बाहर, EC ने पहली बार जारी किया जिलेवार डेटा     |   ईरान ने दक्षिणी इजरायल में दागी कई मिसाइल, कई इलाकों में बजे सायर     |  

शादी-विवाह के मौसम की मांग, सोने-चांदी ने फिर बनाया नया रिकॉर्ड

Delhi: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में बुधवार को लगातार छठे कारोबारी सत्र में तेजी के साथ सोने और चांदी की कीमतें बुधवार को नए रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गईं। इस उछाल की मुख्य वजह त्योहारी और शादी-विवाह के सीजन की मांग है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने ये जानकारी दी। सोना 500 रुपये बढ़कर 81,500 रुपये प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 1.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। 

99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 500-500 रुपये बढ़कर 81,500 रुपये प्रति 10 ग्राम और 81,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। चांदी 1,000 रुपये बढ़कर 1.02 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड ऊंचे लेवल पर पहुंच गई, जो मंगलवार को 1.01 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। पिछले छह कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमतों में 10,000 रुपये की तेजी आई है। 16 अक्टूबर से सोने में 2,850 रुपये प्रति 10 ग्राम की वृद्धि हुई है।

एसकेआई कैपिटल के प्रबंध निदेशक, नरिंदर वाधवा के मुताबिक, हाजिर बाजार और एमसीएक्स में चांदी की कीमतों का एक लाख रुपये तक पहुंचना, भारत में सीजनेबल डिमांड और पश्चिम एशिया संघर्ष से भू-राजनैतिक जोखिम जैसे कई कारण साफ दिखाई दे रहे हैं। जुलाई में, सरकार की तरफ से सोने और बाकी धातुओं पर मूल सीमा शुल्क में कटौती के बाद स्थानीय बाजारों में सोने और चांदी की कीमतों में सात प्रतिशत की तेजी से गिरावट आई थी। हालांकि, चालू त्योहारों की वजह से, अमेरिका में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदों और भू-राजनैतिक तनावों की वजह से भारतीय उपभोक्ताओं की मांग बढ़ने से सर्राफा की कीमतों में उछाल आया। 

एमसीएक्स के वायदा कारोबार में दिसंबर डिलिवरी वाला सोने का अनुबंध 112 रुपये बढ़कर 78,768 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। दिन के दौरान सोना 263 रुपये बढ़कर 78,919 रुपये प्रति 10 ग्राम के अपने ऑल टाइम हाई लेवल पर पहुंच गया था। कॉमेक्स में बढ़त की वजह से सोने की कीमतों में एक और पॉजिटिव बदलाव देखने को मिला, वो ये कि सोना 2,750 डॉलर के करीब पहुंच गया। इससे एमसीएक्स में सोने को 78,750 रुपये से ऊपर रहने में मदद मिली।