Breaking News

नेपाल में ईंधन संकट के बीच सरकार का फैसला, अब हफ्ते में दो दिन छुट्टी     |   बंगाल के कूचबिहार पहुंचे पीएम मोदी, जनसभा को कर रहे संबोधित     |   कूचबिहार में प्रधानमंत्री मोदी बोले - रैली ने बदलाव पर मुहर लगा दी, बीजेपी की होगी प्रचंड जीत     |   बंगाल में संविधान की प्रक्रिया भी सुरक्षित नहीं, अधिकारियों को बंधक बनाया गया: PM मोदी     |   चुनाव में लालच रोकने के लिए ECI का एक्शन, जब्त किए ₹650 करोड़ की नकदी-शराब     |  

Gold Silver Price: सोने की कीमतों में 1,300 रुपये की बढ़त, चांदी 2,460 रुपये चढ़ी

Gold Silver Price: मजबूत वैश्विक संकेतों और कमजोर डॉलर के बीच सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 1,300 रुपये बढ़कर 1,25,900 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत शुक्रवार के 1,24,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की तुलना में 1,300 रुपये बढ़कर 1,25,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गई। स्थानीय सर्राफा बाजार में, पिछले बाजार सत्र में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,24,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘सुरक्षित निवेश की मौजूदा मांग और कमजोर अमेरिकी वृहद आर्थिक आंकड़ों के कारण सोने में सकारात्मक रुख के साथ कारोबार फिर से शुरू हुआ, जिससे अगले महीने होने वाली फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों में कटौती की उम्मीदें बढ़ गई है।’’ उन्होंने कहा कि कमजोर डॉलर ने सर्राफा को और समर्थन दिया है। एसोसिएशन के अनुसार, इसके अलावा, सोमवार को चांदी की कीमतें 2,460 रुपये बढ़कर 1,55,760 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गईं।

शुक्रवार को यह 1,53,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना 83.12 डॉलर या 2.08 प्रतिशत बढ़कर 4,082.84 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि हाजिर चांदी 3.30 प्रतिशत बढ़कर 49.93 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।

एलकेपी सिक्योरिटीज के जिंस और मुद्रा के उपाध्यक्ष (शोध विश्लेषक) जतिन त्रिवेदी ने कहा, ‘‘कमजोर डॉलर और अमेरिकी सरकार के कामकाज फिर से शुरू होने के बाद सकारात्मक धारणा के कारण सोने की कीमतों में तेजी आई। अब ध्यान अमेरिका में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) और भारत में सीपीआई और डब्ल्यूपीआई मुद्रास्फीति के आंकड़ों सहित प्रमुख मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर केंद्रित है, जो अल्पकालिक बाजार की दिशा तय करेंगे।’’

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘हालिया अमेरिकी व्यापक आर्थिक आंकड़ों से पता चला है कि नवंबर में उपभोक्ता धारणा लगभग 3.5 साल के निचले स्तर पर आ गई है, और निजी रिपोर्ट अक्टूबर में नौकरियों के नुकसान का संकेत दे रही हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था में आर्थिक और नीतिगत अनिश्चितता कीमती धातुओं के लिए अनुकूल बनी हुई है। आने वाले सप्ताह में, हमें उम्मीद है कि सोना और चांदी सकारात्मक रुझान के साथ व्यापक दायरे में मजबूत रहेंगे।’’