Breaking News

मथुरा: बांके बिहारी मंदिर के पास गली में मकान का छज्जा गिरा, पांच लोग घायल     |   जयपुर की पटाखा फैक्ट्री में आग लगने से 7 लोगों की मौत     |   मध्य प्रदेश राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द     |   विदेश मंत्री जयशंकर 10 से 11 जून तक बुल्गारिया और फिनलैंड के दौरे पर होंगे     |   ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर पहुंची CID टीम     |  

FIFA World Cup 2026 का नया गाना 'Siir Siir' रिलीज, Nora Fatehi ने दिखाई भारतीय छाप

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक संगीत प्रोजेक्ट का नया गाना 'Siir Siir' रिलीज कर दिया गया है। इस खास गाने में बॉलीवुड अभिनेत्री और डांसर नोरा फतेही नजर आ रही हैं। गाना संगीत निर्माता संजॉय और फ्रांसीसी गायक वेगेड्रीम (Vegedream) के सहयोग से तैयार किया गया है और इसे फीफा वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक एल्बम में शामिल किया गया है। नोरा फतेही ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस गाने को साझा किया। उन्होंने 'Siir Siir' को फीफा वर्ल्ड कप जैसे वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत उपस्थिति का प्रतीक बताया।

नोरा ने कहा कि यह गाना उनके लिए बेहद खास है। उन्होंने बताया कि इस गाने के जरिए विभिन्न संस्कृतियों के प्रभावों को एक साथ जोड़कर कुछ ऐसा बनाने की कोशिश की गई है, जो वैश्विक होने के साथ-साथ अपनी अलग पहचान भी रखता हो। नोरा ने कहा कि वह अपनी मोरक्कन और कनाडाई जड़ों के साथ-साथ भारत और दक्षिण एशियाई समुदाय से मिले प्यार और समर्थन को भी इस गाने के माध्यम से दर्शाना चाहती थीं।

उन्होंने कहा, "Siir Siir मेरे लिए सिर्फ एक गाना नहीं है, बल्कि यह मेरी पहचान और विभिन्न संस्कृतियों के संगम का प्रतीक है। भारत और दक्षिण एशियाई समुदाय ने मेरे सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और मैं इसे दुनिया के सामने प्रस्तुत करना चाहती थी।" नोरा ने यह भी बताया कि इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात इसकी मजबूत भारतीय भागीदारी है। गाने के कोरियोग्राफर, डांसर, स्टाइलिंग टीम और कई अन्य सदस्य भारतीय हैं, जिन्होंने इस विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि फीफा वर्ल्ड कप 2026 जैसे वैश्विक आयोजन के लिए गाना बनाना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उनके अनुसार यह ऐसा अवसर है जहां विभिन्न संस्कृतियां, संगीत और लोग एक मंच पर आकर जुड़ते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस गाने के जरिए पूर्वी देशों की शानदार संगीत परंपरा को दुनिया तक पहुंचाने में सफल होंगी।

फीफा ने हाल ही में वर्ल्ड कप 2026 के आधिकारिक एल्बम के लिए कलाकारों की पूरी सूची भी जारी की है। 18 ट्रैक वाले इस एल्बम को टूर्नामेंट के इतिहास का सबसे बड़ा मल्टी-ट्रैक संगीत और सांस्कृतिक प्रोजेक्ट बताया जा रहा है। इसमें दुनिया भर के कलाकारों, संस्कृतियों और संगीत शैलियों को शामिल किया गया है। फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका में होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले 10 जून को FIFA Countdown Concert का आयोजन किया जाएगा। फीफा इस बार भी फुटबॉल के साथ-साथ संगीत, संस्कृति और मनोरंजन को वैश्विक उत्सव का अहम हिस्सा बना रहा है।