उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने संदेश में कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी, जनजातीय समाज के गौरव और 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा का जीवन त्याग, तप, संघर्ष और राष्ट्रनिष्ठा से आलोकित रहा है।
सीएम योगी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर स्वतंत्रता, स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनका संघर्ष केवल जनजातीय समाज तक सीमित नहीं था, बल्कि उन्होंने पूरे देश में स्वतंत्रता और आत्मसम्मान की चेतना जगाने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन आज भी करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए जो योगदान दिया, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। सीएम योगी ने कहा कि “धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। त्याग, तप और राष्ट्रभक्ति से आलोकित आपका जीवन भारत की अमर प्रेरणा है।”
भगवान बिरसा मुंडा को भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी जननायकों में गिना जाता है। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, सामाजिक जागरूकता और ब्रिटिश शासन के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया, जिसके कारण वे आज भी जनजातीय समाज के बीच श्रद्धा और सम्मान के साथ याद किए जाते हैं।