Breaking News

'गिरिबाला की बेल रद्द हो', CBI ने हाईकोर्ट में मांगी ट्विशा की सास की कस्टडी     |   रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की हाईलेवल मीटिंग शुरू, मिडिल ईस्ट संकट पर होगी चर्चा     |   गौतमबुद्ध नगर में धारा 163 लागू, 28 से 30 मई तक रहेगी लागू     |   कोलकाता: दो TMC पार्षदों ने इस्तीफा दिया     |   केरल: ED की छापेमारी से गुस्साए पूर्व सीएम विजयन के समर्थक, अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़     |  

अमर कॉलोनी फायरिंग: लड़की पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर किशोर को गोली मारी

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के अमर कॉलोनी इलाके में एक 17 वर्षीय किशोर को कथित तौर पर उस समय गोली मार दी गई, जब उसने अपनी महिला मित्र पर की गई अभद्र टिप्पणी का विरोध किया। घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जो नाबालिग बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस के अनुसार वह मुख्य शूटर नहीं है। पीड़ित के पिता ने बताया कि उन्हें पहले बेटे के दोस्तों ने फोन कर कहा था कि उसका एक्सीडेंट हो गया है और तुरंत अस्पताल पहुंचने को कहा गया।

उन्होंने बताया, “रात करीब 8 बजे फोन आया कि मेरे बेटे का एक्सीडेंट हो गया है। जब मैं मूलचंद अस्पताल पहुंचा तो पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि गोली मारने की घटना थी।” पिता के अनुसार, उनके बेटे और उसके 3-4 दोस्त खाने के लिए बाहर गए थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उनकी महिला मित्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। जब उनके बेटे ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और फिर गोली चला दी।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना शाम 7:54 बजे PCR कॉल के जरिए अमर कॉलोनी थाने को मिली। शुरुआती जांच में सामने आया कि पीड़ित एक लड़की के साथ एक खाने की दुकान पर बैठा था। तभी कुछ युवक वहां से गुजरे और उनमें से एक ने कथित तौर पर पीड़ित की कुर्सी को छुआ। इस पर किशोर ने आपत्ति जताई, जिसके बाद युवक वहां से चले गए।

पुलिस के अनुसार, करीब 4-5 मिनट बाद वही युवक वापस लौटे और उनमें से एक ने किशोर पर गोली चला दी, जिसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में घायल किशोर को पहले मूलचंद अस्पताल ले जाया गया, बाद में उसे AIIMS ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि उसकी हालत गंभीर लेकिन स्थिर बनी हुई है। इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति घायल नहीं हुआ।

आरोपी घटना के समय शराब के नशे में थे। यह भी जानकारी सामने आई है कि गोली चलाने वाले आरोपियों में से एक इस वर्ष दूसरी बार फायरिंग की घटना में शामिल हुआ है। मौके पर क्राइम टीम ने जांच की और CCTV फुटेज खंगालने के साथ तकनीकी निगरानी के जरिए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।