Breaking News

मध्य अफगानिस्तान में भारी बारिश और बाढ़ से पचास लोगों की मौत     |   तीन बंधकों के शव मिलने के बाद इजरायली सेना को गाजा से मिला एक और बंधक का शव     |   लोकसभा चुनाव 2024: आज पश्चिम बंगाल में 3 जनसभा को संबोधित करेंगे PM मोदी     |   जम्मू-कश्मीर: कठुआ में संदिग्ध एक्टिविटी के बाद सुरक्षाबलों ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन     |   यूपी और बिहार में 3 जनसभा करेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह     |  

उत्तराखंड स्थापना दिवस आज, राष्ट्रपति मुर्मू कार्यक्रम में होंगी शामिल, 18 घंटे डायवर्ट रहेंगे रूट

उत्तराखंड राज्य अपनी स्थापना के 23 वर्ष पूरे कर गुरुवार यानी आज 24वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। युवावस्था तक आते हुए प्रदेश ने कई उपलब्धियों को सहेजकर कदम आगे बढ़ाए हैं। अब वर्ष 2025 तक सशक्त उत्तराखंड बनाने के नए लक्ष्य को लेकर भी पूरी तरह स्पष्टता है। यद्यपि, अर्थव्यवस्था के चमकदार आंकड़ों के पीछे सामाजिक-आर्थिक विषमता की बड़ी खाई को पाटने की चुनौती है।

इस दृष्टि से बहुआयामी गरीबी सूचकांक रिपाेर्ट में प्रदेश में गरीबी में कमी आने का सुखद संकेत भी है। पलायन के दंश को दूर करने के लिए कनेक्टिविटी और वाइब्रेंट विलेज जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं नई उम्मीदें बंधा रही हैं। उमंग और ऊर्जा के साथ गुरुवार को उत्तराखंड जब हिमालयी संकल्प के साथ अपना 24वां स्थापना दिवस मना रहा है तो पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपनी उपस्थिति से इस पल को गरिमा प्रदान करती दिखेंगी।

उत्तराखंड राज्य लंबे जन आंदोलन और राज्य आंदोलनकारियों के बलिदान का प्रतिफल है। राज्य गठन के 23 वर्षों की अवधि में प्रदेश ने कई मोर्चों पर सफलता प्राप्त की है। वर्ष 2022-23 में राज्य की अर्थव्यवस्था का आकार बढ़कर 3.03 लाख करोड़ रुपये हो चुका है। प्रति व्यक्ति आय 2,32,011 रुपये है। यह राष्ट्रीय स्तर पर प्रति व्यक्ति आय से अधिक है।