Breaking News

ओडिशा में 8 जगह पर तापमान 40 डिग्री के पार     |   AAP का व्हिप जारी, राज्यसभा सांसदों को 3 दिन तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश     |   अलकायदा मॉड्यूल के तीन आतंकी को उम्रकैद की सजा, NIA कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ईरान ने होर्मुज से गुजरने वाले भारतीय टैंकरों से टोल लेने की बात से इनकार किया     |   IPL 2026: राजस्थान ने जीता टॉस, हैदराबाद को दिया पहले बैटिंग का न्योता     |  

वैलेंटाइन डे पर फूलों की दुकानों पर उमड़ रही है भीड़, महंगा बिक रहा गुलाब

Valentine Day: हवा में प्यार घुल चुका है…लेकिन अगर आप इसका इजहार फूलों के जरिए करना चाहते हैं तो ये आपकी जेब ढीली कर सकताहै। वैलेंटाइन डे हर साल 14 फरवरी को मनाया जाता है, हालांकि इससे पहले ही इस बार रोमांस के सदाबहार प्रतीक माने जाने वाले गुलाब के दाम आसमान छू रहे हैं।

वैलेंटाइन डे के अगले ही दिन महाशिवरात्रि का त्योहार है। ऐसे में देश भर के फूलों के बाजारों में ऑर्डर में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। बाजार में सिर्फ गुलाब ही महंगा नहीं बिक रहा बल्कि दूसरे फूलों के दाम भी बढ़ गए हैं, हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला भी इससे अछूती नहीं है।

फूल उगाने वालों का कहना है कि त्योहारों के सीजन में फूलों की मांग बढ़ गई है, फूलों के अच्छे दाम मिल रहे हैं और थोक ऑर्डर से उन्हें अच्छा मुनाफा हो रहा है।

बागवान हर्ष ने बताया कि “आज वैलेंटाइन है और शिवरात्रि भी आ रही है, तो सारा सब कुछ उसी हिसाब से काम बढ़िया चल रहा है। कार्नेशन इस टाइम 50 रुपये स्टिक चल रही है और गुलाब आपके 80 रुपये स्टिक पर चल रहा है। 120 वाला भी है, बड़े वाला गुलाब हैं, बढ़िया गुलाब है। सूरजमुखी 250 रुपये स्टिक चल रहा है और बाकी लिली, ट्यूलिप वगैरह ऑन ऑर्डर मिलता है। वो भी उनके रेट भी आएंगे 4,000-4,000 (रुपये) तक ऐसे जाते हैं, फुल बंडल आता है वो।” 

यह किसानों के लिए अच्छी खबर है। हिमाचल प्रदेश के बागवानी विभाग का कहना है कि करीब 1,300 परिवार फूलों की खेती करते हैं, और हिमाचली फूलों की कई राज्यों में बहुत मांग है क्योंकि उनकी क्वालिटी अच्छी होती है और वे ज्यादा वक्त तक चलते हैं। दिल्ली के गाजीपुर फूल बाजार में भी फूलों की भारी मांग देखी जा सकती है, वैलेंटाइन डे से पहले गुलाब की कीमतें काफी बढ़ गई हैं। सिर्फ कटे हुए फूल ही नहीं, खुले फूलों की भी बहुत मांग है।

फूल व्यापारियों का कहना है कि वैलेंटाइन डे और महाशिवरात्रि के बाद कीमतें स्थिर होने की संभावना है। तो वैलेंटाइन के इस सीजन में प्यार सिर्फ परवान ही नहीं चढ़ रहा बल्कि खिल भी रहा है…ये फूलों के दाम भी बढ़ा रहा है… लेकिन दिलचस्प बात ये है कि इसकी शिकायत कोई भी नहीं कर रहा।